सब पाबंदियों को दरकिनार करते हुए उत्तर कोरिया ने एक बार फिर दागी मिसाइल
प्योंग्यांग, 04 मई। एक ओर जहां रूस और यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध चल रहा है और पूरी दुनिया पर तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा लगातार मंडरा रहा है। इसी वक्त उत्तर कोरिया ने भी दुनिया को बड़ी चुनौती दे दी है। उत्तर कोरिया ने तमाम पाबंदियों और चुनौतियों को दरकिनार करते हुए एक बार फिर मिसाइल (North Korea Missile Test) दाग दी है। इस पर दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया के द्वारा मिसाइल दागे जाने को लेकर चिंता जाहिर की है।
North Korea Missile Test
Sponsored Ad
उत्तर कोरिया हर दिन कुछ न कुछ ऐसा करता ही रहता है जिससे उसके पड़ोसी देशों में चिंता बढ़ती जाती है। दक्षिण कोरिया ने बुधवार को उत्तर कोरिया द्वारा एक बार फिर मिसाइल दागे जाने का दावा किया है। दक्षिण कोरियाई अधिकारियों के अनुसार उत्तर कोरिया ने पूर्व की दिशा में एक अज्ञात मिसाइल दागी। इस मिसाइल और इसके लक्ष्य की फिलहाल अभी तक जानकारी नहीं मिली है।
दक्षिण कोरियाई अधिकारी, उत्तर कोरिया कार्य से चिंतित हैं। उनका कहना है कि उत्तर कोरिया ने ऐसे समय में यह मिसाइल दागी है, जब उत्तर कोरिया द्वारा लगातार परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की धमकी दी जा रही है।
बता दें कि इससे पहले उत्तर कोरिया ने प्रतिबंधित अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल दागकर पूरी दुनिया को चुनौती दे दी थी। वह बैलेस्टिक मिसाइल लगभग 1100 किलोमीटर का रास्ता चलकर जापान के समुद्री क्षेत्र में गिरने से पहले 6000 किलोमीटर से ज्यादा ऊंचाई तक गयी थी।
सामान्यत: ये बैलेस्टिक मिसाइल निश्चित रास्ते पर चलते हुए हजारों किलोमीटर तक आगे जा सकती है। कोरिया के मिसाइल आक्रमण की जद में अब अमेरिका भी आ गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में उत्तर कोरिया ने मिसाइल परीक्षण की रफ्तार अचानक बढ़ा दी है।