मेडिकल वीज़ा भी रद्द! अब कोई पाकिस्तानी नहीं आ सकेगा भारत
नई दिल्ली, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जिससे देश भर में गुस्सा फैल गया। इसी के जवाब में भारत ने पाकिस्तान के नागरिकों के लिए सभी वीज़ा रद्द करने का फैसला लिया है। इसमें मेडिकल वीज़ा भी शामिल हैं।
पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीज़ा सेवाएं पूरी तरह बंद
Sponsored Ad
भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब पाकिस्तान के किसी भी नागरिक को भारत आने के लिए वीज़ा नहीं मिलेगा। यानी पाकिस्तानियों के लिए वीज़ा सेवाएं अगली सूचना तक पूरी तरह से निलंबित कर दी गई हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है।
सभी मौजूदा वीज़ा होंगे रद्द, 72 घंटे में छोड़ना होगा देश
गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पाकिस्तान के नागरिकों को जारी सभी मौजूदा वैध वीज़ा रविवार, 27 अप्रैल से रद्द कर दिए जाएंगे। मेडिकल वीज़ा 29 अप्रैल तक ही वैध माने जाएंगे। इस निर्णय के बाद भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के लिए अधिकतम 72 घंटे का समय दिया गया है।
भारतीयों को भी पाकिस्तान न जाने की सलाह
केवल पाकिस्तानियों के लिए ही नहीं, भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए भी चेतावनी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को पाकिस्तान की यात्रा से बचने की सख्त सलाह दी है। साथ ही वहां मौजूदा भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द देश लौटने की अपील की गई है।
सैन्य कार्रवाई के संकेत?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि संभावित सैन्य प्रतिक्रिया की भी ओर इशारा करता है। सरकार का रुख यह दिखाता है कि अब आतंकवाद पर कड़ी और निर्णायक नीति अपनाई जाएगी।